समाचार डेस्क, जम्मू-कश्मीर के कटरा स्थित वैष्णो देवी मंदिर के रास्ते में भारी बारिश के कारण हुए भूस्खलन में कम से कम 30 लोगों की मौत हो गई है। रियासी के एसएसपी परमवीर सिंह ने मौतों की पुष्टि की है। इससे पहले, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भूस्खलन को “बेहद दुखद” बताया और कहा कि उन्होंने मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला और उपराज्यपाल मनोज सिन्हा से बात की है और केंद्र की ओर से पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया है। लगातार हो रही बारिश के बीच, सीआरपीएफ की छठी बटालियन के जवानों ने तुरंत प्रतिक्रिया दी, बचाव अभियान शुरू किया और घायलों को कटरा के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पहुँचाया। टीम ने फंसे हुए तीर्थयात्रियों की भी मदद की और आवश्यक चिकित्सा एवं रसद सहायता प्रदान की। उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने मृतकों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की और अधिकारियों को दुर्घटना में घायल हुए लोगों को तत्काल सहायता प्रदान करने का निर्देश दिया।
श्री माता वैष्णो देवी यात्रा मार्ग के अर्धकुंवारी क्षेत्र में भूस्खलन होने के कारण 30 लोगों की मौत हो गई है। कई स्थान पर यात्री फंसे हुए हैं और बचाव कर्मी बचाव कार्य में लगे हुए हैं। श्री माता देवा श्राइन बोर्ड की ओर से कहा गया है कि हाल ही में हुई लगातार बारिश और खराब मौसम को देखते हुए, सभी यात्रियों को सलाह दी जाती है कि वे मौसम में सुधार होने पर अपनी यात्रा की योजना फिर से बनाए।
रियासी के एसएसपी परमवीर सिंह ने कहा कि जम्मू-कश्मीर के कटड़ा में वैष्णो देवी मंदिर के पास भारी बारिश के कारण हुए भूस्खलन में 30 लोगों की मौत हो गई है। 
इसके अतिरिक्त, जम्मू के चनैनी नाला में एक कार गिरने से तीन श्रद्धालु बह गए। लापता तीन में से दो श्रद्धालु राजस्थान के धौलपुर और एक आगरा का रहने वाला है। रविवार से जारी वर्षा के कारण जम्मू की सड़कें व पुल झेल नहीं पाए और शहर में बाढ़ जैसे हालात बन गए।












