दिल्ली डेस्क, देश के 17वें उपराष्ट्रपति चुनाव में एनडीए उम्मीदवार सीपी राधाकृष्णन ने जीत दर्ज की है। शनिवार को संसद भवन में सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक मतदान हुआ, जिसमें कुल 768 सांसदों ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया।
लोकसभा और राज्यसभा मिलाकर संसद में 788 सदस्य हैं, जिनमें से 7 सीटें रिक्त हैं। इस तरह 781 सांसद वोट डालने के पात्र थे, लेकिन 13 सांसद मतदान में शामिल नहीं हुए। इनमें बीआरएस के 4, बीजेडी के 7, अकाली दल का 1 और 1 निर्दलीय सांसद शामिल हैं।
मतगणना के दौरान कुल 767 वोटों में से 752 वैध पाए गए, जबकि 15 वोट रद्द कर दिए गए। परिणाम में सीपी राधाकृष्णन को प्रथम वरीयता के 452 वोट मिले, जबकि इंडिया ब्लॉक के उम्मीदवार बी. सुदर्शन रेड्डी को 300 वोट ही मिले।
चुनाव के दिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सुबह 10 बजे सबसे पहले मतदान किया। वोटिंग शुरू होने से पहले सभी एनडीए सांसदों ने सुबह 9:30 बजे एक ब्रेकफास्ट मीटिंग में हिस्सा लिया।
इस तरह सीपी राधाकृष्णन को स्पष्ट बहुमत के साथ उपराष्ट्रपति पद पर चुन लिया गया है।












