पटना। प्रदेश वासियों को रेल सेवा के क्षेत्र में एक के बाद एक कई तोहफे दिए हैं। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने नई दिल्ली में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान घोषणा की कि राज्य में एक नई वंदे भारत एक्सप्रेस और चार अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेनों की शुरुआत की जाएगी। इसके अलावा, दिवाली और छठ जैसे बड़े त्योहारों को देखते हुए बिहार आने-जाने वाले यात्रियों के लिए 12,000 से अधिक स्पेशल ट्रेनें चलाई जाएंगी।
पटना को मिलेगा रिंग रेलवे नेटवर्क
रेल मंत्री ने बताया कि पटना में एक रिंग रेलवे नेटवर्क विकसित किया जाएगा, जिससे शहर के भीतर और आसपास की यात्रा सुविधाजनक हो सकेगी। साथ ही, रेलवे अधोसंरचना को मजबूती देने के लिए कई नई परियोजनाओं की भी नींव रखी गई है।
22 अगस्त को गयाजी से पीएम दिखाएंगे हरी झंडी
घोषणा के अनुसार, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 22 अगस्त को गयाजी में एक रैली के दौरान वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए इन नई ट्रेनों को हरी झंडी दिखाएंगे। इस अवसर पर बिहार के डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी, केंद्रीय मंत्री ललन सिंह, जेडीयू सांसद संजय झा और भाजपा सांसद संजय जायसवाल भी मौजूद रहेंगे।
बिहार से चलने वाली नई ट्रेनें:
- पटना से पूर्णिया – वंदे भारत एक्सप्रेस
- गयाजी से दिल्ली – अमृत भारत एक्सप्रेस
- छपरा से दिल्ली – अमृत भारत एक्सप्रेस
- मुजफ्फरपुर से हैदराबाद – अमृत भारत एक्सप्रेस
- सहरसा से अमृतसर – अमृत भारत एक्सप्रेस
- वैशाली से कोडरमा – बुद्ध सर्किट ट्रेन
इन्फ्रास्ट्रक्चर में होगा विस्तार
बक्सर से लखीसराय के बीच तीसरी और चौथी रेलवे लाइन बिछाई जाएगी। इसके अलावा, लौकहा में ट्रेनों की सफाई के लिए वाशिंग पिट बनाया जाएगा। भागलपुर के सुल्तानगंज को झारखंड के देवघर से सीधे रेल लाइन से जोड़ा जाएगा। रेलवे ने कई स्थानों पर ओवर ब्रिज (ROB) और अंडर ब्रिज के निर्माण की भी योजना बनाई है।
सम्राट चौधरी ने जताया आभार
डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी ने कहा कि पर्व-त्योहारों के समय बिहारवासियों को यात्रा में जो कठिनाइयाँ होती थीं, उन्हें देखते हुए यह कदम बेहद सराहनीय है। उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी और रेल मंत्री वैष्णव को बिहार की जनता की ओर से धन्यवाद देते हुए कहा, “यह विकास की नई रफ्तार है।”










