बिहार में अपराधी बेखौफ हो गए हैं. जिसके कारण लगातार लूट, हत्या और डकैती के मामले सामने आ रहे हैं. ताजा मामला बिहार के समस्तीपुर जिले का है. जहां नमाज पढ़ने जा रहे एक शख्स की गोली मारकर हत्या कर दी गई. घटना कल्याणपुर थाना के रतवारा गांव का है. घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग शव को सड़क पर रखकर हंगामा करने लगे. वहीं पुलिस की टीम मौके पर पहुंचकर छानबीन में जुट गई है.समस्तीपुर जिले के कल्याणपुर थाना क्षेत्र के रतवारा गांव में बुधवार तड़के तीन चार की संख्या में घात लगाए अपराधियों ने नमाज पढ़ने जा रहे एक शख्स को गोली मार दी. जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई. शख्स की पहचान गांव के मोहम्मद जफीर के 40 वर्षीय पुत्र मोहम्मद दुलारे के रूप मे हुई है. मृतक कोलकाता के एक निजी कंपनी में चालक का काम करता था. वह एक सप्ताह पहले ही घर रतवारा लौटा था. ग्रामीणों के मुताबिक मृतक कोलकाता में काम करने से पहले दुबई में रहता था. लॉकडाउन के दौरान वो वापस देश लौटा था.












