पेट्रोल और डीजल के रेट में लगातार 12वें दिन भी लगातार वृद्धि हुई। सोमवार को पेट्रोल के रेट में 39 पैसे और डीजल के रेट में 40 पैसे की वृद्धि हुई। शहर में सोमवार की सुबह से पंपों पर पेट्रोल 103.36 रुपए और डीजल 94.94 रुपए प्रति लीटर में बिक रहा था। वहीं, प्रीमियम स्पीड पेट्रोल 106.63 रुपए प्रति लीटर पहुंच गया। बता दें कि रविवार को पेट्रोल 102.97 रुपए, डीजल 94.54 रुपये प्रति लीटर पहुंच गया था।
लोगों में बढ़ रहा गुस्सा
कानपुर में पहली बार पेट्रोल 100 रुपए प्रति लीटर के पार पहुंच चुका है। लगातार हो रही वृद्धि से लोगों में भी गुस्सा बढ़ने लगा है। बढ़ती मंहगाई के बाद फ्यूल रेट में बढ़ोतरी होने से लोगों की जेब पर आर्थिक बोझ बहुत ज्यादा बढ़ गया है। बीते 13 दिनों में दोनों पेट्रोलियम पदार्थों के दामों में 11 बार वृद्धि हो चुकी है। मार्च माह के अंतिम दिन पेट्रोल और डीजल के दाम 80-80 पैसे बढ़े थे। पेट्रोल 101.37 रुपए और डीजल 92.93 रुपए प्रति लीटर बिका। प्रीमियम स्पीड पेट्रोल के दाम 104.07 रुपए प्रति लीटर पहुंच गए।
22 मार्च से लगातार बढ़ रहे रेट
पेट्रोल और डीजल के दाम 22 मार्च से बढ़ना शुरू हुए। 21 मार्च को पेट्रोल 94.98 रुपए और डीजल 86.52 रुपए प्रति लीटर था। 24 मार्च और एक अप्रैल को छोड़ अब तक हर दिन पेट्रोल और डीजल के दामों में वृद्धि हुई है। रविवार को भी पेट्रोल के दाम 80 पैसे, डीजल के दाम 81 पैसे प्रति लीटर बढ़े हैं। पेट्रोल एंड एचएसडी डीलर एसोसिएशन के जनरल सेक्रेटरी सुनील शरण गर्ग बताते हैं कि पेट्रोल और डीजल के दाम कब तक बढ़ते रहेंगे, इसकी जानकारी नहीं है।












