राजस्थान के दौसा जिले में बड़ा हादसा हो गया है। यहां खाटू श्याम मंदिर से दर्शन कर लौट रहे श्रद्धालुओं की पिकअप हादसे का शिकार हो गई। इस हादसे में कुल 11 लोगों की मौत हुई है, जिनमें 7 बच्चे और 3 महिलाएं शामिल हैं। इस हादसे में कई लोग घायल भी हुए हैं। घायलों को जयपुर अस्पताल रेफर कर दिया गया है।
मिली जानकारी के अनुसार, सभी मृतक खाटू श्याम दर्शन करने के लिए गए थे। दर्शन कर वापस आने के दौरान श्रद्धालुओं का पिकअप ट्रक दौसा में हादसे का शिकार हो गया। हादसे में पिकअप में सवार 7 बच्चों की मौत हो गई और 3 महिलाओं की भी जान चली गई। इस हादसे में जान गंवाने वाली सभी मृतक उत्तर प्रदेश के एटा के रहने वाले थे।
ट्रक से हुई थी भीषण टक्कर
स्थानीय लोगों ने जानकारी देते हुए बताया कि बुधवार को सुबह श्रद्धालुओं का पिकअप ट्रक खाटू श्याम की तरफ से आ रहा था। इस दौरान दौसा में एक बड़े ट्रक से टकरा गया। टक्कर इतनी भीषण थी कि 7 बच्चों समेत 11 लोगों की मौत हो गई। इस हादसे में कई लोग घायल भी हुए हैं। घायलों को अस्पताल में भर्ती करवाया गया है और मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए पीएम हाउस भेज दिया गया।
इस मामले की जानकारी देते हुए एसपी सागर राणा ने बताया कि खाटू श्याम मंदिर से आ रहे श्रद्धालुओं के दुर्घटनाग्रस्त होने की सूचना मिली थी। अब तक 11 लोगों के हताहत होने की खबर है। इस हादसे में घायल हुए करीब 7-8 लोगों को जयपुर के एसएमएस अस्पताल रेफर किया गया है।
यूपी के एटा से गए थे खाटू श्याम दर्शन करने
इस हादसे में सभी मृतक की पहचान हो गई है। मारे गए सभी 10 श्रद्धालु उत्तर प्रदेश के एटा के रहने वाले थे। स्थानीय लोगों ने बताया कि श्रद्धालुओं से भरी पिकअप कंटेनर से टकरा गई, जिसमें 11 लोगों की मौत के साथ ही 11 लोग गंभीर रूप से घायल भी हुए हैं। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।
मृतकों में पूर्वी (3), प्रियंका (25), दक्ष (12), शीला (35), सीमा (25), अंशु (26) और सौरभ (35) शामिल हैं, जबकि चार मृतकों की अब तक पहचान नहीं हो सकी है। गंभीर रूप से घायल कुछ लोगों को दौसा के जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है,
जबकि अन्य को जयपुर के सवाई मानसिंह अस्पताल में रेफर किया गया, जहां लक्ष्य (5), नैतिक (6), रीता (30), नीलेश कुमारी (22), प्रियंका (19), सौरभ (28), मनोज (28) और एक अन्य का इलाज जारी है।










