बिहार में पिछले कई दिनों से जारी बारिश अब विकराल रूप ले रही है। यहां कई जिलों में जीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। कई नदियों का जलस्तर बढ़ने से राज्य के कई क्षेत्रों में बाढ़ के हालात बन गए हैं। इधर बारिश है कि थमने का नाम ही नहीं ले रही है। पटना मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों के लिए राज्य के कई जिलों में बारिश का ऑरेंज और येलो एलर्ट जारी किया है।
12 अगस्त तक भयंकर बारिश का अनुमान
पटना मौसम विभाग ने राज्य कुछ जिलों में 12 अगस्त तक भयंकर बारिश का अंदेशा जताया है। इनमें पूर्वी और पश्चिम चंपारण, गोपालगंज, सिवान, सारण, बक्सर, भोजपुर, कैमूर, रोहतास, औरंगाबाद और अरवल का नाम शामिल है। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि इन जिलों में तेजा हवा के साथ-साथ बिजली गिरने और बादले गरजने घटनाएं हो सकती हैं।
27 जिलों में येलो अलर्ट
अगले 24 घंटे के दौरान मौसम विभाग ने बिहार के अररिया, बांका, बेगूसराय, भागलपुर, दरभंगा, गया, जमुई, जहानाबाद, कटिहार, खगड़िया, किशनगंज, लखीसराय, मधेपुरा, मधुबनी, मुंगेर, मुजफ्फरपुर, नालंदा, नवादा, पटना, पूर्णिया, सहरसा, समस्तीपुर, शेखपुरा, शिवहर, सीतामढ़ी, सुपौल और वैशाली जिले में मध्यम दर्जे की बारिश का अनुमान जताया है। इन जिलों में भी तेज हवा चलने के साथ बिजली गिरने की चेतावनी जारी की गई है।
कई जिले बाढ़ की चपेट में
बिहार में गंगा नदी के जलस्तर में तेजी से बढ़ने के कारण कई जिलों में बाढ़ की स्थिति गंभीर हो गई है। पटना, आरा, मुंगेर समेत कई जिलों में नदियां उफान पर हैं। भागलपुर में गंगा नदी का जलस्तर बढ़ने से स्थिति सबसे ज्यादा खराब है।
बाढ़ का पानी गांवों और शहरों में घुस गया है। घर, खेत और सड़कें जलमग्न हो गए हैं, जिससे हजारों एकड़ में फसलें बर्बाद हो चुकी हैं। बाढ़ में आपात स्थिति से निपटने के लिए एनडीआरएफ की कई टीमें पहले से दरभंगा, सुपौल, मोतिहारी और नालंदा में राहत-बचाव कार्य में लगी हुई हैं। इसके अलावा, 9वीं बटालियन की 14 टीमों को अलर्ट पर रखा गया है। कई इलाकों से संपर्क टूट गया है।
बाढ़ के हालात चितांजनक होने पर पटना में एक टीम तुरंत एक्शन लेने के लिए तैयार है। बाकी टीम को बटालियन मुख्यालय पर नाव, लाइफ जैकेट, रेस्क्यू किट और मेडिकल सुविधाओं के साथ तैनात किया गया है।













