बिहार में सिवान जिले के रघुनाथपुर प्रखंड में मुरारपट्टी गांव है. यहां की ‘जीविका दीदी समूह’ की पुतुल देवी इस स्वतंत्रता दिवस पर अपने जिले और राज्य का नाम रोशन करने जा रही हैं. राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू उन्हें 15 अगस्त 2025 को राष्ट्रपति भवन नई दिल्ली में सम्मानित करेंगी. यह सम्मान उन्हें वन संरक्षण और जल जीवन हरियाली के क्षेत्र में पिछले 5 सालों से किए गए उत्कृष्ट कार्यों के लिए प्रदान किया जाएगा.
राष्ट्रपति भवन के निमंत्रण में होंगी शामिल
2 अगस्त 2025 को गोपालगंज से आए वन विभाग और केंद्रीय पदाधिकारी दल ने मुरारपट्टी गांव पहुंचकर पुतुल देवी को राष्ट्रपति भवन का औपचारिक निमंत्रण पत्र सौंपा. पत्र मिलते ही पुतुल देवी, उनका परिवार और पूरा गांव गर्व और उत्साह से भर उठा. पुतुल देवी ने बताया कि वह 13 अगस्त को पटना जाएंगी और वहां से पदाधिकारियों के साथ दिल्ली रवाना होंगी. राष्ट्रपति भवन के निमंत्रण पत्र में स्पष्ट लिखा है कि 15 अगस्त को शाम 6 बजे आयोजित डिनर कार्यक्रम में उनकी उपस्थिति अनिवार्य है.
जीविका समूह से जुड़ाव
पुतुल देवी साल 2015 में जीविका समूह से जुड़ीं और तभी से उन्होंने पौधारोपण और पर्यावरण संरक्षण की दिशा में काम करना शुरू किया. 2020 से वह जीविका दीदी की नर्सरी के माध्यम से पौधों का उत्पादन, देखभाल और वितरण का कार्य कर रही हैं. उनकी नर्सरी से वन विभाग को पौधारोपण के लिए बड़े पैमाने पर पौधे उपलब्ध कराए जाते हैं, जो जिले के हरियाली अभियान में महत्वपूर्ण योगदान देते हैं.













