पटना: अगर आपको बैंक से जुड़ा कोई काम निपटाना है तो उसे जल्दी निपटा लीजिये। ऐसा इसलिए क्योंकि मार्च के आखिरी सप्ताह में बैंक 4 दिन बंद रहेंगे। उसपर से भी फाइनेंशियर ईयर का अंतिम माह होने की वजह से कामकाज पर भी खासा दबाव देखने को मिलता है, इस लिहाज से अगर आप अब बाकी काम जल्द से जल्द निपटा लें तो बेहतर होगा।
बताया जा रहा है कि मार्च के आखिरी हफ्ते में हड़ताल की वजह से 4 दिन बैंक बंद रहेंगे। 28-29 मार्च की औद्योगिक हड़ताल में बैंक संगठनों के शामिल होने से 26 से 29 मार्च तक लगातार चार दिन बैंक बंद रहेंगे।
ऑल इंडिया बैंक ऑफिसर्स एसोसिएशन के संयुक्त सचिव डीएन त्रिवेदी ने बताया कि एआइबीइए, एआइबीओए और बेफी द्वारा हड़ताल का आह्वान पर सभी व्यावसायिक बैंक और ग्रामीण बैंक के कर्मी हड़ताल पर रहेंगे।
उन्होंने बताया कि 26 मार्च को चौथा शनिवार और 27 को रविवार है। जबकि, वित्तीय वर्ष के आखिरी दिन 31 मार्च को बैंक में उपभोक्ताओं से संबंधित कोई काम नहीं होता है। हालांकि, स्टेट बैंक कर्मचारी संघ के अध्यक्ष संजय कुमार सिंह ने बताया कि हड़ताल में हमारे कर्मचारी शामिल नहीं होंगे।










