पटनाः बिहार 22 मार्च को अपनी स्थापना का 110वां जन्मोत्सव मनाएगा। इस मौके पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार तीन दिवसीय बिहार दिवस समारोह का उद्घाटन ऐतिहासिक गांधी मैदान में करेंगे। समारोह का थीम जल-जीवन-हरियाली रखा गया है। वहीं, उद्घाटन समारोह के ठीक बाद ड्रोन शो आयोजित किया जाएगा।
गांधी मैदान में आयोजित बिहार दिवस के मौके पर 22 मार्च को कैलाश खेर, 23 मार्च को रेखा भारद्वाज और 24 मार्च को सुखविंदर सिंह का दल समां बांधेगा। वहीं, शेष कलाकार श्री कृष्ण मेमोरियल हॉल में विभिन्न अवसरों पर अपनी प्रस्तुति देंगे। 22 से 24 मार्च तक होने वाले इस कार्यक्रम में प्रतिष्ठित सूफी गायक मोहम्मद हुसैन- अहमद हुसैन गजल कार्यक्रम प्रस्तुत करेंगे। महमूद फारुखी कर्ण कथा का वाचन करेगा। ठुमरी गायक सुनंदा शर्म भी प्रस्तुति देंगी। इसके अलावा बिहार की लोकगीत गायिका रंजना झा और कथक कलाकार नीलम चौधरी आदि के कार्यक्रम भी रखे गए हैं।
बिहार दिवस समारोह को लेकर शिक्षा मंत्री विजय चौधरी ने कहा कि यह समारोह बिहार की माटी की खुशबू, अस्मिता और उसकी पहचान का प्रतीक है। राज्य के लोगों के लिए यह दिन गौरव का विषय है। साथ ही शिक्षा मंत्री ने बताया कि समारोह का उद्घाटन शाम साढ़े पांच बजे मुख्यमंत्री नीतीश कुमार करेंगे।
इसके अलावा शिक्षा मंत्री ने बताया कि नेशनल बुक ट्रस्ट की मदद से बिहार दिवस के मौके पर पुस्तक मेला भी आयोजित किया जाएगा। गांधी मैदान में राज्य के कई पर्यटन स्थलों और नदियों का मानचित्र भी दिखाया जाएगा। श्रीकृष्ण मेमोरियल हॉल में विज्ञान प्रदर्शनी लगाई जाएगी।
इस बार के बिहार दिवस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के अलावा उप मुख्यमंत्री तार किशोर प्रसाद, रेणु देवी और शिक्षा मंत्री विजय कुमार चौधरी शिरकत करेंगे। साथ ही समारोह में जोहांसबर्ग (दक्षिण अफ्रीका) की कौंसल जनरल अंजु रंजन, उच्चायुक्त जयदीप सरकार, डीडीजी इंटरनेशनल रिलशेंस एंड कॉपरेशन ब्रिक्स एंड आइबीएसए के प्रो. अनिल सुकलाल और क्वाजुलु नाटाल विश्वविद्यालय के एंथ्रोपोलोजी के प्रो. आनंद सिंह भी शिरकत करेंगे।










