पटना: इस वक्त एक बड़ी खबर सामने आ रही है। बिहार सरकार के दो भ्रष्ट अफसरों पर ईडी ने कार्रवाई की है। ईडी ने दोनों अफसरों के खिलाफ मामला दर्ज करने के बाद जांच प्रक्रिया शुरू कर दी है। ईडी ने निगरानी ब्यूरो की कार्रवाई को आधार बनाकर दोनों के खिलाफ मनी लॉन्ड्रिंग का मुकदमा दर्ज किया है।
मिली जानकारी के अनुसार, ईडी ने पटना और जहानाबाद के तत्कालीन जिला परिवहन पदाधिकारी अजय ठाकुर के साथ मुजफ्फरपुर डीटीओ रजनीश लाल पर मनी लॉन्ड्रिंग मामले में शिकंजा कसा है। बता दें कि पिछले साल नवंबर में विजिलेंस ब्यूरो ने अजय ठाकुर के अलग-अलग ठिकानों पर छापा मारा था। जहां से बड़ी अवैध कमाई बरामद की गई थी।
अजय ठाकुर के ठिकाने से कई शहरों में जमीन खरीद के दस्तावेज के साथ बैंक में जमा 90 लाख रुपये के साथ बीमा में 20 लाख निवेश के दस्तावेज बरामद हुए थे। इसके अलावा 25 लाख के जेवरात भी बरामद किए गए थे, जबकि मुजफ्फरपुर डीटीओ रजनीश लाल के ठिकानों पर जून पड़े छापे में ब्यूरो ने 51 लाख रुपये नकद के अलावा 60 लाख के सोने-चांदी के जेवरात बरामद किए थे।
बाद में रजनीश लाल के एक बैंक लाकर से 20 लाख रुपये मूल्य के जेवरात बरामद किए गए थे। प्रवर्तन निदेशालय ने निगरानी ब्यूरो की कार्रवाई को आधार बनाकर रजनीश लाल और अजय ठाकुर के खिलाफ मनी लॉन्ड्रिंग का मुकदमा दर्ज किया है। इसके साथ ही दोनों की मुश्किलें बढ़ेंगी। सूत्रों ने बताया कि मुकदमा दर्ज करने के साथ इडी ने दोनों अधिकारियों के खिलाफ जांच में तेजी ला दी है।










