बॉलीवुड अभिनेता रणबीर कपूर अपनी आगामी फिल्म एनिमल को लेकर चर्चा में हैं। इसके बाद वह नीतीश तिवारी के निर्देशन में बनने जा रही फिल्म रामायण में भगवान श्री राम की भूमिका निभाते हुए नजर आएंगे। मनोरंजन जगत की रिपोर्ट के मुताबिक, भगवान राम का किरदार निभाने से पहले रणबीर शराब और मांस से दूरी बना लेंगे। हालांकि, इस मसले पर अभिनेता की तरफ से कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है।
शराब और मांस से परहेज करेंगे रणबीर
रिपोर्ट्स में दावा किया जा रहा है कि रणबीर ने भगवान श्री राम की तरह शुद्ध दिखने के लिए शराब और मांस से परहेज करने का फैसला लिया है। अभिनेता के साथ इस फिल्म में साउथ सिनेमा की दिग्गज अभिनेत्री साई पल्लवी भी स्क्रीन साझा करेंगी। वह माता सीता की भूमिका निभाती नजर आएंगी।
यश निभाने वाले थे रावण का किरदार?
बीते दिनों इस फिल्म को लेकर यह खबर सामने आई थी कि साउथ के दिग्गज अभिनेता यश रावण के किरदार में नजर आएंगे। हालांकि, अभिनेता की तरफ से इस खबर की कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई थी।











