नई दिल्ली: केंद्र ने पेगासस विवाद के संबंध सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई के दौरान किसी भी जासूसी के आरोपों से इनकार किया है।
सुप्रीम कोर्ट में केंद्र ने दो पन्नों का हलफनामा दायर किया है। केंद्र ने कहा कि वह पत्रकारों, राजनेताओं, कार्यकर्ताओं और अदालत के कर्मचारियों पर जासूसी करने के लिए सैन्य-ग्रेड स्पाइवेयर के उपयोग का इनकार करता है। यचिकाकर्ताओं द्वारा सरकार के खिलाफ लगाए गए सभी आरोप निराधार हैं।
सरकार ने यह भी कहा कि वह पेगासस घोटाले की जांच के लिए विशेषज्ञों की एक समिति का गठन करेगी।
केंद्र ने कहा, “इस मुद्दे में याचिकाएं अनुमानों या अन्य निराधार मीडिया रिपोर्टों या अपुष्ट सामग्री पर आधारित हैं। केंद्र जासूसी के आरोपों की जांच के लिए एक समिति का गठन करेगा।”
ज्ञात हो कि एक अंतरराष्ट्रीय मीडिया संघ के अनुसार पेगासस स्पाइवेयर का उपयोग करके 300 से अधिक सत्यापित भारतीय मोबाइल फोन नंबर जासूसी के संभावित लक्ष्यों की सूची में थे। कथित पेगासस स्नूपिंग मामले की स्वतंत्र जांच की मांग करते हुए कई याचिकाएं दायर की गई हैं।












