भारतीय वायुसेना दिवस के अवसर पर एयर शो के दौरान पुलिस और प्रशासन ने पांच लाख लोगों के पहुंचने की अनुमान लगाया था, जबकि भीड़ कई गुना ज्यादा पहुंची। आईट्रिपलसी कैमरों से पुलिस ने अनुमान लगाया है कि माघ मेला की तरह भीड़ पहुंची। लगभग 27 लाख लोगों ने संगम, अरैल और झूंसी की तरफ से एयर शो देखा।
संगम के तीनों तरफ दर्शकों की खचाखच भीड़ थी। संगम क्षेत्र के साथ ही अरैल और झूंसी इलाके में एयर शो को देखने के लिए भारी भीड़ जुटी। संगम क्षेत्र में लगभग 16 लाख, अरैल इलाके में छह लाख और झूंसी में पांच लाख लोग एयर शो देखने पहुंचे थे। प्रयागराज के अलावा कौशाम्बी, प्रतापगढ़ और फतेहपुर, लखनऊ और वाराणसी जिले से बड़ी संख्या में लोग ट्रेन, बस और प्राइवेट गाड़ियों से आए थे। संगम नोज पर लाखों की भीड़ थी। तीनों पुल जाम थे। वहीं शहर के पॉश इलाके सिविल लाइंस में सन्नाटा पसरा था। सुभाष चौराहे पर कोई गाड़ी नहीं दिख रही थी। चौक में रविवार को भी बाइक निकलना मुश्किल रहता है, वहां भी सन्नाटा था।












