राज्यसभा की 57 सीटों पर 27 जून को चुनाव होने वाला है। इसमें बिहार की पांच सीटें शामिल हैं. BJP, JDU और RJD तीनों पार्टियों ने अपने-अपने कैंडिडेट्स की घोषणा कर दी है। इसी बीच कांग्रेस बिहार के मधेपुरा से पूर्व सांसद पप्पू यादव की पत्नी रंजीत रंजन को राज्यसभा भेजने की तैयारी में है।
दरअसल, कांग्रेस पार्टी ने छत्तीसगढ़ से रंजीत रंजन को राज्यसभा का टिकट दिया है। रंजीत के साथ ही छत्तीसगढ़ से ही कांग्रेस ने राजीव शुक्ला को भी टिकट दिया है। प्रेस रिलीज जारी कर कांग्रेस की ओर से इसकी जानकारी दी गई है।
जानकारी हो कि रंजीत रंजन जन अधिकार पार्टी (लो) के राष्ट्रीय अध्यक्ष पप्पू यादव की पत्नी हैं। पप्पू यादव भी बिहार के मधेपुरा से सांसद रह चुके हैं। रंजीत रंजन टेनिस खिलाड़ी थीं। रंजीत रंजन ने राजनीतिक जीवन की शुरुआत सुपौल विधानसभा क्षेत्र से की थी, लेकिन वे चुनाव नहीं जीत सकीं।
साल 2004 में रंजीत रंजन ने लोक जनशक्ति पार्टी के टिकट सहरसा से लोकसभा से चुनाव लड़ा और उन्हें यहां से जीत मिली थी। 2014 में उन्होंने सीमांचल और कोसी में कांग्रेस से सुपौल की सीट पर जीत दर्ज की। 2019 के लोकसभा चुनाव में हार हुई। अब कांग्रेस राज्यसभा भेज रही है।
आपको बता दें कि कांग्रेस ने राज्यसभा चुनाव के लिए 10 प्रत्याशियों के नाम की पहली सूची कर दी है। कांग्रेस ने हरियाणा से अजय माकन, कर्नाटक से जयराम रमेश, मध्य प्रदेश से विवेक तन्खा, महाराष्ट्र से इमरान प्रतापगढ़ी और तमिलनाडु से पी चिदंबरम को प्रत्याशी बनाया गया है। वहीं राजस्थान से रणदीप सिंह सुरजेवाला, मुकुल वासनिक और प्रमोद तिवारी को उम्मीदवार बनाया है।










