पटना: मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने चरखा समिति (प्रभा- जयप्रकाश स्मृति संग्रहालय) कदमकुआं में लोकनायक जयप्रकाश नारायण की जयंती के अवसर पर उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। मुख्यमंत्री ने लोकनायक जयप्रकाश नारायण जी की धर्मपत्नी जयप्रभा जी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर अपनी श्रद्धांजलि दी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जेपी मुवमेंट के दौरान सभी सदस्यों की यहां बैठक होती थी। लोकनायक जय प्रकाश नारायण जी के जो विचार हैं, उन्होंने जिस प्रकार नेतृत्व किया उससे हमलोगों को बहुत कुछ सीखने का मौका मिला। आज हमलोग उसी के आधार पर काम कर रहे हैं। बापू, जेपी, लोहिया जी के विचारों को अपनाते हुए समाज को हमलोगों को आगे बढ़ाना है, समाज में एकता बनाए रखना है, समाज में भाईचारे की भावना रखनी है। इन सब चीजों की सीख हम सभी को इन्हीं लोगों से मिली है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि अगर यहां किसी प्रकार की कोई समस्या होगी, तो उसका समाधान किया जाएगा। लोकनायक जयप्रकाश नारायण जी के विचारों को कभी भूलाया नहीं जा सकता है। हमलोग उन्हीं के विचारों के आधार पर आगे बढ़ते हुए काम कर रहे हैं। हमारा मकसद है कि नई पीढ़ी के लोग भी इन सब चीजों को जानें।
मुख्यमंत्री ने चरखा समिति (प्रभा- जयप्रकाश स्मृति संग्रहालय) में स्थित लोकनायक जयप्रकाश नारायण जी के शयनकक्ष, सभा कक्ष, प्रभावती स्मृति कक्ष सहित पूरे परिसर का मुआयना किया। मुख्यमंत्री ने विजिटर बुक में भी अपना संदेश लिखा।
इस दौरान पथ निर्माण मंत्री नितिन नवीन, महिला चरखा समिति की अध्यक्ष तारा सिन्हा, संचालिका शकुंतला मिश्रा सहित संग्रहालय के अन्य सहयोगी एवं गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।
आयकर गोलंबर पर माल्यार्पण
आयकर गोलम्बर स्थित प्रतिमा स्थल पर आयोजित राजकीय समारोह में राज्यपाल फागू चौहान एवं मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने लोकनायक जयप्रकाश नारायण जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी। इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री तारकिशोर प्रसाद, पथ निर्माण मंत्री नितिन नवीन, पूर्व उप मुख्यमंत्री सह राज्यसभा सांसद सुशील कुमार मोदी, पूर्व पथ निर्माण मंत्री सह विधायक नन्द किशोर यादव, विधान पार्षद संजय कुमार सिंह उर्फ गांधी जी सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण उपस्थित थे।